जौनपुर। औचक निरीक्षण में सख्त तेवर कुँवर अनुपम सिंह ने परखी कोतवाली की नब्ज, लंबित मामलों पर जताई नाराजगी
कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुँवर अनुपम सिंह ने थाना कोतवाली का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन पड़ताल की। एसएसपी के अचानक पहुंचने से पूरे महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिसकर्मी तत्परता से व्यवस्थाएं दुरुस्त करते नजर आए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, अभिलेखों के रख-रखाव, शस्त्रागार, हवालात, मालखाना तथा परिसर की स्वच्छता व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। अभिलेखों की सुव्यवस्थित संधारण प्रणाली पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने लंबित विवेचनाओं और प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज कर उसका निष्पक्ष और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए।* उन्होंने पुलिसकर्मियों को आमजन के प्रति विनम्र, शिष्ट और संवेदनशील व्यवहार अपनाने की हिदायत दी।

थाना परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को संतोषजनक बताते हुए उन्होंने इसे निरंतर बनाए रखने पर बल दिया। साथ ही शस्त्रागार और मालखाने के अभिलेखों का मिलान कर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी, नगर गोल्डी गुप्ता सहायक पुलिस अधीक्षक श्रृष्टि जैन,थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। एसएसपी ने कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए टीमवर्क के साथ कार्य करने का आह्वान किया।











Leave a Reply