‘वन क्लिक’ से किसानों के खातों में पहुंची करोड़ों की राहत

Share

4998 किसानों को फसल बीमा का लाभ, 30 परिवारों को दुर्घटना बीमा की सहायता

जौनपुर। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार योगी आदित्यनाथ द्वारा वन क्लिक के माध्यम से फसल बीमा योजना एवं मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को धनराशि हस्तांतरण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया की उपस्थिति रही।

4998 किसानों को ₹3.13 करोड़ की क्षतिपूर्ति प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत जनपद के 4998 किसानों को कुल 3 करोड़ 13 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की गई।

वहीं मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत 30 लाभार्थियों को कुल 1.5 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।

किसानों के लिए वरदान साबित हो रही योजना मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा मौर्या ने कहा कि फसल बीमा योजना किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है। इससे प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को आर्थिक संबल मिलता है और वे कृषि का सतत विकास कर सकते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक किसानों से योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि जिलाध्यक्ष भाजपा श्री अजित प्रजापति ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, विशेषकर मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना की विस्तृत जानकारी दी और किसानों को जागरूक रहने की सलाह दी।

अधिकारियों व किसानों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम का संचालन डिप्टी पीडी आत्मा डॉ. रमेश चंद्र यादव ने किया। इस अवसर पर पीडी डीआरडीए केके पांडेय, उप कृषि निदेशक डॉ. वीबी द्विवेदी, जिला कृषि अधिकारी विनय सिंह, जिला कृषि रक्षा अधिकारी विवेक कुमार, भूमि संरक्षण अधिकारी कमलजीत सिंह सहित उद्यान, पशुपालन और मत्स्य पालन विभाग के अधिकारी, बीमा प्रतिनिधि एवं जनपद के प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *