आगामी होली पर्व को देखते हुए मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों के खिलाफ चला अभियान

Share

46 प्रतिष्ठानों पर छापा, 9 नमूने जांच को भेजे, 14 को सुधार नोटिस

जौनपुर। आगामी होली पर्व को देखते हुए मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों के खिलाफ चल रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शनिवार को जनपद में सघन जांच अभियान चलाया। सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय देवाशीष उपाध्याय ने बताया कि आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेश दिनांक 17 फरवरी 2026 एवं जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में 19 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।

पांच खाद्य नमूने लिए गए
21 फरवरी 2026 को खाद्य सचल दल ने जनपद जौनपुर के विभिन्न बाजारों में स्थित प्रतिष्ठानों से दूध का 01 नमूना, पनीर का 01 नमूना, पेड़ा का 01 नमूना तथा खोया के 02 नमूने संग्रहीत किए। इस प्रकार कुल 05 नमूने जांच के लिए खाद्य विश्लेषक को भेजे गए।
निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई में कमी पाए जाने पर 05 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किया गया।

फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स से 34 नमूनों की मौके पर जांच
खाद्य कारोबारकर्ता एवं उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम के तहत फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स के माध्यम से सिपाह बाजार, जेसीज चौराहा और लखौवा बाजार में कुल 34 खाद्य नमूनों की मौके पर जांच की गई। जांच रिपोर्ट से व्यापारियों व उपभोक्ताओं को अवगत कराते हुए जागरूक किया गया।

मानक के विपरीत पाए गए 02 नमूनों के विरुद्ध तत्काल विधिक कार्रवाई करते हुए पेड़ा एवं खोया का नमूना संग्रहित कर विश्लेषण हेतु भेजा गया।

तीन दिन में 46 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
19 फरवरी से 21 फरवरी 2026 तक जिले के कुल 46 खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान कुल 09 नमूने संग्रहीत कर जांच हेतु भेजे गए। वहीं साफ-सफाई में खामियां मिलने पर 14 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किया गया।

खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान निरंतर जारी रहेगा और मानक के विपरीत पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *