नवरात्र पर जरूरतमंद बेटियों को मिली निःशुल्क स्कूल ड्रेस, साइबर सुरक्षा के प्रति भी किया जागरूक

Share

कानपुर नगर। नवरात्र के पावन अवसर पर शकुन्तला देवी राज शिक्षा सेवा संस्थान (रजिस्टर्ड, कानपुर नगर) एवं ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तत्वावधान में गोविंद नगर स्थित खालसा गर्ल्स इंटर कॉलेज में सामाजिक सरोकार से जुड़ा प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जरूरतमंद एवं मेधावी छात्राओं को निःशुल्क स्कूल ड्रेस वितरित की गईं। साथ ही छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत थाना गोविंद नगर की महिला इंस्पेक्टर ने छात्राओं को व्यक्तिगत सुरक्षा, महिला हेल्पलाइन तथा साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उचित माध्यम से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दिवाकर चक्रवर्ती प्रजापति ने अपने संबोधन में कहा कि बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के अवसर उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्राओं को निडर होकर आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।

विशिष्ट वक्ता डॉ. आरती द्विवेदी ने बेटियों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं चरित्र निर्माण पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षित और संस्कारवान बेटियां परिवार तथा समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम के अंत में खालसा गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. हरमीत कौर ने सभी अतिथियों, पुलिस प्रशासन और संस्थान की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम को सफल बनाने में संध्या चक्रवर्ती, करुणा तथा संस्थान की पूरी टीम का सराहनीय योगदान रहा।

कार्यक्रम के माध्यम से बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया गया। आयोजकों ने समाज के सभी वर्गों से बेटियों को आगे बढ़ाने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *