जौनपुर। शारदीय नवरात्रि के मद्देनजर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जौनपुर पुलिस ने मिशन शक्ति-6 अभियान के तहत विशेष सुरक्षा व्यवस्था की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक नगर के कुशल पर्यवेक्षण में जिले के विभिन्न मंदिरों, दुर्गा पूजा पंडालों, मेला स्थलों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर महिला पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई।
अभियान के तहत एंटी रोमियो स्क्वाड, शक्ति मोबाइल और पुलिस टीमों ने पूजा पंडालों एवं मंदिरों के आसपास सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मनचलों, शोहदों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई। साथ ही अनावश्यक रूप से घूमने एवं खड़े रहने वाले व्यक्तियों से पूछताछ कर महिलाओं और बालिकाओं के साथ छेड़छाड़, अभद्र टिप्पणी अथवा किसी भी प्रकार का उत्पीड़न न करने की सख्त हिदायत दी गई।
महिला चौपाल लगाकर किया जागरूक
मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत पूजा पंडालों एवं अन्य आयोजन स्थलों पर महिला चौपालों का आयोजन कर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, अधिकारों और शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। महिला पुलिसकर्मियों ने जागरूकता पंपलेट वितरित कर महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में बिना भय और संकोच के पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
महिलाओं एवं बालिकाओं को पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, एम्बुलेंस सेवा 108 और स्वास्थ्य सेवा 102 सहित विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इसके अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस सहायता, जनसुनवाई पोर्टल, वन स्टॉप सेंटर और स्थानीय थानों पर स्थापित महिला हेल्प डेस्क की सुविधाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।
पुलिस ने महिलाओं को छेड़छाड़, अभद्रता, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न अथवा किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।
जौनपुर पुलिस ने पूजा पंडाल आयोजकों एवं आमजन से त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने अथवा डायल 112 पर देने का अनुरोध किया।
जौनपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।












Leave a Reply