गणतंत्र दिवस को गरिमापूर्ण, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से मनाए जाए: डीएम

Share

जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ०दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में गणतंत्र दिवस को गरिमापूर्ण, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से मनाए जाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान प्रभात फेरी, सभी कार्यालयों में ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन, विद्युत आपूर्ति सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि क्रॉस कंट्री रेस के आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही उन्होंने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि यदि किसी भी सड़क पर गड्ढे हैं तो उन्हें तत्काल ठीक कराया जाए।

जिला आबकारी अधिकारी को निर्देश दिए गए कि 26 जनवरी को जनपद की सभी शराब की दुकानें बंद रहें और इसका सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए समयबद्ध रूप से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी कहा कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी कार्यक्रम निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार आयोजित किए जाएं और आमजन की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *