श्रावण मास में निकली भव्य कांवड़ शोभायात्रा

Share

जौनपुर। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्रावण मास के पावन अवसर पर बोल बम कांवरिया संघ, जौनपुर द्वारा एक भव्य कांवड़ शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें शिवभक्ति की अनुपम छटा बिखरी दिखाई दी।
शोभायात्रा का शुभारंभ हनुमान घाट स्थित चौरा माता मंदिर से हुआ, जहाँ संघ के संरक्षक संतोष सेठ व महासचिव विमल सिंह ने पूजन-अर्चना की। इसके पश्चात् प्रमुख समाजसेवी ज्ञानप्रकाश सिंह ने नारियल फोड़कर यात्रा के आरंभ की औपचारिक घोषणा की। तत्पश्चात जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कांवड़ उठाकर व हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया।

इस भव्य शोभायात्रा में हाथी, घोड़े, डीजे, भगवान शिव की मनमोहक झांकियां तथा बारह ज्योतिर्लिंगों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ शामिल रहीं। नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरती इस शोभायात्रा ने सद्भावना पुल, कजगांव पड़ाव, ओलंदगंज, शाही पुल, चहारसू चौराहा, कोतवाली चौराहा, और सब्जी मंडी, सुतहट्टी बाजार जैसे प्रमुख स्थानों को शिवमय कर दिया।

कोतवाली चौराहे पर शहर कोतवाल मिथिलेश मिश्रा व पुलिस टीम द्वारा पुष्प वर्षा कर कांवड़ियों का स्वागत किया गया। नगर की महिलाओं ने भी घरों की छतों से फूल बरसाकर यात्रा का अभिनंदन किया।

शोभायात्रा का समापन भंडारी स्टेशन पर हुआ, जहाँ दोपहर 12:30 बजे फरक्का एक्सप्रेस से कांवड़ियों की गंगा जल के लिए रवानगी हुई।

श्रद्धालुओं के सेवा में जगह-जगह समाजसेवी संस्थाएं एवं पुलिस प्रशासन तत्पर रहा। जलपान, स्वास्थ्य सुविधा व फल वितरण की व्यवस्था की गई। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र एवं नगर मजिस्ट्रेट इन्द्रनंदन सिंह द्वारा कांवड़ियों के बीच फल वितरित किए गए।

बोल बम कांवरिया संघ के अध्यक्ष सुधीर साहू ने कहा, “श्रावण मास में सम्पूर्ण वातावरण शिवमय हो जाता है। भगवान शिव कल्याण के देवता हैं, जिनकी उपासना से समाज और राष्ट्र का कल्याण सुनिश्चित होता है।”

शोभायात्रा को सफल बनाने में संघ के संरक्षक अशोक सेठ, अजय साहू, गौतम सोनी, श्रवण कुमार चौरसिया, सुभाष गर्ग, संजय मोदनवाल, राजन बम, कृष्ण सेठ, संजय जायसवाल, मनीष सेठ, सौरभ सेठ, रंजीत अग्रहरि, सुमित बम नेपाली, विष्णु गोस्वामी, किशोर शर्मा, हरीश साहू, रामू मोदनवाल सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने सराहनीय योगदान दिया।

कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष सुधीर साहू और महासचिव विमल सिंह ने श्रद्धालुओं, समाजसेवियों, पुलिस प्रशासन और नगर पालिका परिषद का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *