जिलाधिकारी ने कांवड़ियों संग बांटी श्रद्धा, बाल कांवड़ियों का बढ़ाया हौसला

Share

*

जौनपुर। श्रावण मास की पावन बेला में शहर के सद्भावना पुल पर शनिवार को एक अनुपम दृश्य देखने को मिला, जब जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र स्वयं कांवड़ियों के स्वागत के लिए पहुँचे। उन्होंने न केवल श्रद्धालु कांवड़ियों के बीच फल वितरण किया, बल्कि बाल कांवड़ियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।

डॉ. दिनेश चंद्र ने अपने संबोधन में कहा कि कांवड़ यात्रा भारत की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। खासकर उत्तर प्रदेश में यह यात्रा शिवभक्ति, आस्था और सनातन परंपरा की जीवंत झलक प्रस्तुत करती है। उन्होंने बताया कि श्रावण मास में जनपद में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक तैयारियाँ की हैं।

“कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस एवं प्रशासन सतत निगरानी कर रहा है,” – जिलाधिकारी ने कहा।

खास बात यह रही कि जिलाधिकारी ने बाल कांवड़ियों के साथ कुछ दूर तक कांवड़ उठाकर यात्रा में भाग भी लिया, जिससे वहां उपस्थित लोगों में उत्साह की लहर दौड़ गई। उन्होंने सभी कांवड़ियों को शिवभक्ति के इस पवित्र पर्व पर शुभकामनाएं देते हुए संयम और नियम का पालन करने की अपील की।इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक जिलाधिकारी की सहभागिता से गदगद नजर आए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *