बारिश के बाद सड़क धंसी, ट्रक गड्ढे में फंसा, आवागमन ठप

Share

जौनपुर (मछलीशहर) : स्थानीय विकास खंड के कसेरवा गांव में बुधवार को जरौना से बसेरवा होते हुए जंघई को जोड़ने वाला मुख्य संपर्क मार्ग अचानक धंस गया। यह घटना उस समय हुई जब भारी बारिश से कमजोर हुई सड़क पर एक ट्रक गुजर रहा था। सड़क धंसने से ट्रक गड्ढे में फंस गया। गनीमत रही कि कोई नकसान नहीं हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कसेरवा के पास सड़क के नीचे से लगातार पानी बह रहा था। बारिश के कारण तालाब का पानी सड़क के नीचे से एक ओर से दूसरी ओर बहने लगा था। इससे नीचे की मिट्टी बह गई और अंदर ही अंदर बड़ा गड्डा बन गया। ट्रक के वहां से गुजरते ही वह टूटी हुई सड़क के गड्ढे में धंस गया।


स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले चार दिनों से रुक-रुक कर हो रही भारी बारिश से जमीन पूरी तरह गीली हो चुकी थी। तालाब में अत्यधिक जलभराव हो गया था। पानी ने सड़क के नीचे सुरंग जैसा रास्ता बना लिया था। जरौना-कसेरवा-कमासीन होते हुए जंघई जाने वाला यह मार्ग क्षेत्र का मुख्य संपर्क मार्ग है। यह रास्ता जंघई जंक्शन रेलवे स्टेशन, स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और बाजार जाने के लिए सबसे अधिक प्रयोग किया जाता है। सड़क धंसने और ट्रक फंसने से इस पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
वर्तमान में दोपहिया वाहन चालक जोखिम उठाकर सड़क के किनारे से किसी तरह निकल रहे हैं। चार पहिया और भारी वाहन बिल्कुल नहीं निकल पा रहे हैं। स्थानीय लोगों को अपने दैनिक कामकाज के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *