जमीनी विवाद में पिता-पुत्र पर हमला, दोनों गंभीर

Share


सात के खिलाफ जानलेवा हमला का मुकदमा
जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के करमही गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में हुए संघर्ष में 68 वर्षीय वृद्ध और उसके पुत्र को लोहे की रॉड व लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना में दोनों के सिर फट गए। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, करमही गांव निवासी जुगल किशोर मिश्र (68) और उमेश मिश्र के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। आरोप है कि 13 अक्टूबर की शाम करीब साढ़े चार बजे जुगल किशोर मिश्र अपने बेटे विष्णु सहाय मिश्र (28) के साथ खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर उमेश मिश्र के घर के घनश्याम, नवीन सहित सात लोग लोहे की रॉड व लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और दोनों पिता-पुत्र पर हमला कर दिया।

हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल होकर खेत में गिर पड़े। सूचना पर डायल 112 पुलिस और हल्का सिपाही मौके पर पहुँचे। दोनों घायलों को सीएचसी चोरसंड भेजा गया, जहाँ से हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

इलाज के बाद स्वस्थ होने पर पीड़ित वृद्ध जुगल किशोर मिश्र ने शनिवार को थाने में नामजद तहरीर दी। वहीं, घायल विष्णु सहाय मिश्र ने आरोप लगाया कि हल्का प्रभारी दरोगा उमेश चंद पांडेय मुकदमे में सुलह समझौता का दबाव बना रहे हैं। उन्होंने बताया कि दरोगा घटना के दूसरे दिन उनके घर भी पहुँचे थे, जिसकी शिकायत थानाध्यक्ष जफराबाद से की गई है।

थानाध्यक्ष जफराबाद ने बताया कि तहरीर के आधार पर उमेश मिश्र, नर्बदेश मिश्र, घनश्याम मिश्र, मीना मिश्र, खुशबू देवी, विनीत व नवीन मिश्र के खिलाफ धारदार हथियार से जानलेवा हमला सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दबिश दी जा रही है।

सीओ सिटी ट्रेनी आईपीएस गोल्डी गुप्ता ने बताया कि, “घायल पक्ष के तहरीर देने पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। यदि हल्का प्रभारी पर लगाए गए आरोप सही पाए गए, तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।”

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *