सोते समय युवक पर पेट्रोल डालकर लगाई आग

Share


झुलसे युवक की हालत गंभीर,

जौनपुर जिले के बक्शा थाना क्षेत्र के बेलापार गांव में रविवार की रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। रात करीब ढाई बजे टिनशेड के नीचे चारपाई पर सो रहे युवक पर अज्ञात लोगों ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और मौके से फरार हो गए। अचानक लपटों में घिरा युवक चीखने लगा तो परिवारजन नींद से जागे और किसी तरह आग बुझाई।


परिजन घायल को तुरंत नौपेड़वा सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना में युवक के शरीर का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया है। आग की चपेट में आने से चारपाई और बिस्तर भी पूरी तरह जलकर राख हो गए।


बताया गया कि झुलसा युवक विनोद यादव (30) बेलापार गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद यादव का पुत्र है। विनोद वाहन चलाकर परिवार का गुजारा करता है। उसके पिता फालिज से पीड़ित हैं, जबकि पत्नी की मौत करीब तीन वर्ष पूर्व हो चुकी है।
रात में विनोद अपने छोटे बेटे के साथ घर के पास नहर किनारे बने टिनशेड के नीचे सोया था। उसने बताया कि करीब दो बजे बेटे को घर के भीतर सुलाकर वह फिर अपने बिस्तर पर आ गया। तभी अचानक किसी ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *