विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण

Share

जौनपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने शनिवार को तहसील मड़ियाहूं के सभागार में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत चल रहे फॉर्मों के डिजिटाइजेशन कार्य का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने अद्यतन प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि फॉर्मों का डिजिटाइजेशन कार्य प्रगति पर है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य में गति लाते हुए आज 20,000 फॉर्मों का डिजिटाइजेशन हर हाल में पूरा किया जाए।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि फॉर्म भरने, संग्रहण तथा तकनीकी प्रक्रियाओं के प्रत्येक चरण में विशेष सावधानी बरती जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए सभी कार्मिक अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएँ।

जिलाधिकारी ने BLO द्वारा घर-घर जाकर मतदाता सूची से संबंधित जानकारी एकत्र करने की स्थिति, कार्य प्रगति, गणना प्रपत्रों के सत्यापन, फॉर्म वितरण, संकलन एवं वापसी, डिजिटाइजेशन की गति और फीडिंग की गुणवत्ता आदि की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएँ।

उन्होंने यह भी बताया कि अब मतदाता voter.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर और मतदाता पहचान पत्र संख्या का उपयोग कर गणना प्रपत्र (फॉर्म) ऑनलाइन भी भर सकते हैं। यह सुविधा प्रक्रिया को अधिक सरल और पारदर्शी बनाती है।

इसके पूर्व, 17 नवंबर 2025 को भी जिलाधिकारी ने विधानसभा क्षेत्र मल्हनी में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण किया था। उन्होंने बीएलओ से दूरभाष पर फॉर्म वितरण, संग्रहण तथा डिजिटाइजेशन की स्थिति की जानकारी ली थी।

निरीक्षण के दौरान उपजिला निर्वाचन अधिकारी रामअक्षयबर चौहान, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, ईआरओ, सुपरवाइजर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *