जौनपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत गुरुवार को व्यापक कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक जौनपुर डॉ०कौश्तुंभ के निर्देशन में यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा प्रसाद इंटरनेशनल स्कूल में यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात गिरेंद्र सिंह, आरटीओ/प्रवर्तन अधिकारी सत्येंद्र कुमार एवं प्रभारी यातायात सुशील कुमार मिश्रा की उपस्थिति में लगभग 300 छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी गई। विद्यालय की रजिस्ट्रार श्रीमती माधुरी सिंह के सहयोग से बच्चों के बीच क्विज, संभाषण, रंगोली, चित्रकला, पोस्टर प्रतियोगिता एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यातायात नियमों का रोचक तरीके से संदेश दिया गया।
अधिकारियों ने बच्चों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रयोग, यातायात संकेतों के पालन और सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही यह संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा से जुड़ा विषय है।
इसी क्रम में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त प्रवर्तन कार्रवाई भी की गई। बिना हेलमेट वाहन संचालन, बिना सीट बेल्ट चार पहिया वाहन चलाना, ब्लैक फिल्म का प्रयोग, मॉडिफाइड साइलेंसर, रॉन्ग साइड वाहन चलाने जैसे अपराधों पर कार्रवाई करते हुए यातायात पुलिस एवं थाना पुलिस द्वारा कुल 421 वाहनों का चालान किया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ०कौश्तुंभ ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता ही दुर्घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी माध्यम है। ऐसे कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे।












Leave a Reply