त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना प्राथमिकता : आयुक्त/रोल प्रेक्षक एस. राजलिंगम
जौनपुर। वाराणसी मंडल के आयुक्त एवं रोल प्रेक्षक एस.राजलिंगम की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ०दिनेश चन्द्र उपस्थित रहे।
आयुक्त/रोल प्रेक्षक के जनपद आगमन पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्रम भेंट कर उनका स्वागत किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए आयुक्त/रोल प्रेक्षक राजलिंगम ने बताया कि माननीय भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मतदाता सूची का ड्राफ्ट पब्लिकेशन किया जा चुका है। आलेख्य मतदाता सूची में पाई जा रही त्रुटियों के संबंध में दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं। जिन मामलों की मैपिंग अभी नहीं हो पाई है, उनके लिए नोटिस निर्गत कर नियत तिथि पर सुनवाई कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में पाई जा रही लॉजिकल डिस्क्रिपेंसीज को दुरुस्त किया जा रहा है, ताकि एक पूर्णतः त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके। प्राप्त दावों और आपत्तियों पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार सत्यापन एवं नियमानुसार जांच के उपरांत ही अग्रेतर कार्यवाही की जा रही है। इस कार्य में उन्होंने राजनैतिक दलों से सहयोग की अपेक्षा की।

बैठक के दौरान राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों ने अवगत कराया कि जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी के नेतृत्व में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान प्रशासन द्वारा पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ०दिनेश चन्द्र ने प्रेक्षक को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
बैठक में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि के रूप में समाजवादी पार्टी से जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य, भाजपा से यादवेन्द्र प्रताप सिंह, कांग्रेस से उपाध्यक्ष राकेश सिंह, सीपीआईएम से के.एस. रघुवंशी सहित अन्य प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
इसके अलावा मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, उप जिला निर्वाचन अधिकारी परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सौरभ कुमार, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह, ईआरओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।












Leave a Reply