हत्या के प्रयास के दो आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

Share

जौनपुर। जनपद में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की सक्रियता एक बार फिर देखने को मिली। थाना खेतासराय पुलिस टीम ने हत्या के प्रयास की घटना में शामिल दो अभियुक्तों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी शाहगंज अजित सिंह चौहान के पर्यवेक्षण में थाना खेतासराय पुलिस ने यह सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार, दिनांक 09 फरवरी 2026 को नूर मोहम्मद पुत्र सहजाद खां निवासी ग्राम डोभी, नगर पंचायत खेतासराय ने थाने पर तहरीर देकर आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश को लेकर विपक्षी पक्ष ने उनके पुत्र सुल्तान के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडा व सरिया से मारपीट की और धमकी दी, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।

प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना खेतासराय पर मु0अ0सं0 23/2026 धारा 115(2), 352, 351(3), 109(1) बीएनएस एवं 7 सीएलए एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अभियुक्त इस्तेयाक पुत्र स्व. इंतजार एवं फैशल पुत्र इस्तेयाक निवासीगण डोभी, नगर पंचायत खेतासराय को रेलवे क्रासिंग डोभी के पास से समय करीब 11:45 बजे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेजते हुए जेल रवाना कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों की तलाश जारी है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अनिल कुमार पाठक, हेड कांस्टेबल अम्बिका यादव एवं संजय पाण्डेय शामिल रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *