सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर कलेक्ट्रेट में कार्यशाला

Share

डिजिटल युग में जिम्मेदार इंटरनेट और एआई के सुरक्षित उपयोग का का आह्वान

जौनपुर। सुरक्षित इंटरनेट दिवस (Safer Internet Day) के अवसर पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एनआईसी द्वारा साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट तथा अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व की उपस्थिति रही।

कार्यशाला का उद्देश्य बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी की घटनाओं तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी देना रहा। बताया गया कि सुरक्षित इंटरनेट दिवस प्रत्येक वर्ष फरवरी माह के दूसरे मंगलवार को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य स्मार्ट तकनीक के सुरक्षित विकल्प अपनाना, साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा इंटरनेट व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देना है।

बैठक को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में इंटरनेट हमारी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न अंग बन चुका है। ऐसे में इसका सुरक्षित, संतुलित एवं जिम्मेदार उपयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्वयं साइबर सुरक्षा नियमों का पालन करने और आमजन को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यशाला में साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने से होने वाले नुकसान, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा बच्चों व युवाओं को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य राजस्व अधिकारी ने सरकारी कार्यों में डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते उपयोग को देखते हुए डेटा सुरक्षा व गोपनीयता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं कलेक्ट्रेट के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *