18 फरवरी से शुरू होंगी यूपी बोर्ड परीक्षाएं, जौनपुर में 206 केंद्रों पर होगी परीक्षा

Share

जौनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा-2026 को सकुशल, निष्पक्ष और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। संगोष्ठी भवन, वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक दो पालियों में आयोजित होंगी। प्रथम पाली सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। जनपद के कुल 206 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी। हाईस्कूल में 77,042 तथा इंटरमीडिएट में 77,080 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।

परीक्षाओं की निगरानी के लिए 6 जोनल मजिस्ट्रेट, 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 206 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त रिजर्व अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। किसी भी समस्या के समाधान के लिए विभागीय कंट्रोल रूम नंबर 7905471191 और 9451962481 जारी किए गए हैं।

जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि प्रश्नपत्रों की गोपनीयता अक्षुण्ण रखी जाए और सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था तथा नियमित पर्यवेक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को समय से केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा की सघन निगरानी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार परीक्षा पूर्णतः नकलविहीन, शांतिपूर्ण और पारदर्शी माहौल में कराई जाएगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश यादव, विवेक कुमार सहित सभी सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *