16 से 27 फरवरी तक मीजिल्स-रूबेला टीकाकरण अभियान: एसीएमओ

Share

3.17 लाख बच्चों को लगेगा अतिरिक्त डोज, अभिभावकों से सहयोग की अपील

जौनपुर। प्रदेश सरकार के निर्देश के क्रम में जनपद में कक्षा 01 से कक्षा 05 तक के सभी बच्चों को मीजिल्स-रूबेला (एमआर) का अतिरिक्त टीका लगाया जाएगा। यह विशेष स्कूल आधारित टीकाकरण अभियान 16 फरवरी 2026 से 27 फरवरी 2026 तक चलाया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य दिसंबर 2026 तक मीजिल्स और रूबेला जैसी जानलेवा बीमारी का पूर्ण उन्मूलन करना है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनपद के 2807 परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों, 1677 प्राइवेट स्कूलों एवं मदरसों में टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान कुल 3,17,000 बच्चों को एमआर टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मीजिल्स-रूबेला का टीका नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत 9 से 12 माह की आयु में पहली तथा 16 से 24 माह के बीच दूसरी खुराक पहले से दी जाती है। विगत तीन वर्षों में इस बीमारी के मामलों में कमी आई है, लेकिन पूर्ण नियंत्रण के लिए यह अतिरिक्त डोज आवश्यक माना गया है।

जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे 5 से 10 वर्ष तक के अपने बच्चों को निर्धारित तिथि पर विद्यालय भेजकर टीकाकरण अवश्य कराएं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जौनपुर ने बताया कि यह अभियान बच्चों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है
इस मौके पर एसीएमओ नरेंद्र सिंह,यूनिसेफ मैनेजर अनूप द्विवेदी, वैक्सीन मैनेजर शेख़ अफ़ज़ाद आदि मौजूद रहें।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *