जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आधार संतृप्तिकरण संबंधी बैठक संपन्न

Share

नया आधार पंजीकरण (सभी आयु वर्ग) पूर्णतः निःशुल्क है। 5 से 7 वर्ष एवं 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए अनिवार्य अपडेट भी निःशुल्क रखा गया है।

जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आधार संतृप्तिकरण के संबंध में बैठक आयोजित की गई।    
           

बैठक में जनपद में जिलाधिकारी के द्वारा आधार नामांकन एवं अपडेट की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान पाया गया कि 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का आधार नामांकन अपेक्षाकृत कम है, जिस पर जिलाधिकारी ने विशेष ध्यान देते हुए शिविर आयोजित कर शत-प्रतिशत आधार कवरेज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान UIDAI द्वारा निर्धारित आधार सेवा शुल्क की जानकारी भी प्रस्तुत की गई। बताया गया कि नया आधार पंजीकरण (सभी आयु वर्ग) पूर्णतः निःशुल्क है। 5 से 7 वर्ष एवं 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए अनिवार्य अपडेट भी निःशुल्क रखा गया है।
बायोमेट्रिक अपडेट (फिंगरप्रिंट, आइरिस एवं फोटोग्राफ) हेतु ₹125 तथा जनसांख्यिकीय विवरण (नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल, लिंग) में संशोधन हेतु ₹75 शुल्क निर्धारित है। ऑनलाइन माध्यम से दस्तावेज अपडेट निर्धारित अवधि तक निःशुल्क उपलब्ध है, जबकि पीवीसी आधार कार्ड हेतु ₹75 एवं आधार प्रिंट (A4 साइज) के लिए ₹40 शुल्क निर्धारित किया गया है।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी संबंधित विभाग आधार नामांकन एवं अपडेट कार्यों में तेजी लाएं तथा पात्र लाभार्थियों को शत-प्रतिशत रूप से आच्छादित करें। साथ ही आमजन को जागरूक करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि निर्धारित शुल्क से अधिक कोई राशि न ली जाए।
         

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 परमानंद झा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ0 अरुण कुमार यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *