जिला कारागार का किया औचक निरीक्षण: डीएम व एसपी ने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया

Share

जौनपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जिलाधिकारी डाॅ०दिनेश चन्द्र एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बैरकों की सघन तलाशी कराई। तलाशी अभियान में किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।

डीएम ने जेल अस्पताल पहुंचकर भर्ती बंदियों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी बंदियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाए और चिकित्सा सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

इसके बाद अधिकारियों ने पाकशाला का निरीक्षण कर भोजन एवं नाश्ते की गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बंदियों को शासन द्वारा निर्धारित मीनू के अनुसार ही गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए।

डीएम और एसपी ने बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही जेल की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, बंदियों की स्थिति एवं अन्य व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने जेल परिसर की स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखने के लिए जेल अधीक्षक को विशेष निर्देश दिए।

इस अवसर पर जेल अधीक्षक पवन कुमार द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी गोल्डी गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *