जौनपुर। जनपद में आमजन को वित्तीय समावेंशन से सम्बन्धित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र द्वारा भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के क्षेत्रीय व्यवसाय कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना आदि के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में से एक है, अतः इस योजना के अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों की पात्रता की जांच करते हुए अधिक से अधिक आवेदन स्वीकृत कराए जाएं, जिससे युवा अपना स्वयं का उद्यम शुरु कर सके और आत्मनिर्भर बन सके।
उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न की जाए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के अंतर्गत लंबित ऋण आवेदनों के शीघ्र निस्तारण तथा युवाओं को स्वरोजगार शुरू करने हेतु वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही, उन्होंने सामाजिक सुरक्षा की योजनाओं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के प्रति अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए, जिससे लोगो को इन योजनाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने बैंक परिसर में व्यवस्थाओं, एवं ग्राहक सुविधाओं का भी अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को बेहतर सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर संबंधित बैंक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।












Leave a Reply