5000 विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क शिक्षण व खेल-कूद सामग्री वितरण कार्यक्रम सम्पन्न

Share

जौनपुर। बदलापुर क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय शाहपुरसानी में 5000 विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क शिक्षण एवं खेल-कूद सामग्री वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मा0 सांसद एवं अभिनेता श्री मनोज तिवारी, कार्यक्रम अध्यक्ष/विशिष्ट अतिथि पूर्व गृहराज्य मंत्री महाराष्ट्र श्री कृपाशंकर सिंह, विधायक बदलापुर श्री रमेश चन्द्र मिश्र, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र तथा पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह सहित अन्य द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर मा0 सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि जनपद में आकर उन्हे हर्ष की अनूभति हो रही है क्योंकि इसी पावन धरती पर उन्हें नई पहचान मिली थी। कार्यक्रम में बच्चों की बड़ी संख्या में उपस्थिति देखकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि यही बच्चे देश का भविष्य हैं जितने अधिक बच्चे शिक्षित होंगे, आने वाला समाज उतना ही मजबूत होगा। उन्होंने प्रत्येक बच्चे को आवश्यक शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर दिया तथा पीली नदी के जीर्णोद्धार कार्य की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है।

विशिष्ट अतिथि पूर्व गृहराज्य मंत्री श्री कृपाशंकर सिंह ने कार्यक्रम के भव्य आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनपद प्रतिभाओं से भरा हुआ है। उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा में चयनित युवाओं और उनके अभिभावको और गुरूजनो को बधाई दी।

उन्होने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री जी एवं मा0 मुख्यमंत्री जी की मंशा है कि ऐसे पुरातन छात्र जिन्होने प्राथमिक विद्यालयों से अपनी पढाई पूर्ण की है और उच्च पदो पर सुशोभित कर रहे है वे अपने विद्यालयों मे जाकर अपने अनुभवों से अध्ययनरत छात्रों को अभिसिंचित करें।

मा0 विधायक श्री रमेश चन्द्र मिश्र ने कहा कि बदलापुर विधानसभा क्षेत्र में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा उत्कृष्ट कार्य किए जा रहे हैं। शासन के द्वारा बच्चों को बैग, जूता, मोजा, भोजन आदि की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी क्रम में सामुदायिक सहभागिता और कम्पोजिट विद्यालय शाहपुरसानी के पुरातन छात्र रहे सतीश तिवारी द्वारा 5000 विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क शिक्षण एवं खेल-कूद सामग्री वितरण का यह कार्य अत्यंत सराहनीय है।

उन्होंने विधानसभा क्षेत्र बदलापुर में कराए गए विकास कार्यों की भी विस्तार से जानकारी दी तथा बेसिक शिक्षा अधिकारी के कुशल नेतृत्व में हो रहे सकारात्मक परिवर्तनों की प्रशंसा की।

जिलाधिकारी ने कविता के माध्यम से उपस्थित बच्चों और लोगो को वर्ष 2047 तक देश को विकसित बनाने में अपने अपने योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और खेल के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि वे आगे चलकर समाज और देश के विकास में अपना योगदान दे सकें।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षण सामग्री तथा खेल-कूद से जुड़ी आवश्यक वस्तुएँ वितरित की गईं।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख ब्रजेश यादव, रोहित उपाध्याय, खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद पांडेय, अभिनव तिवारी, अवधेश यादव, मंडल अध्यक्ष शनि शुक्ला, सिध्दार्थ सिंह, बबलू चौहान, लवकुश सिंह सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षकगण और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों के प्रति आभार बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ द्वारा व्यक्त किया गया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *