प्रधानाचार्य आर.बी.कमल ने गड़बड़ी करने वालों को लगायी फटकार
जौनपुर। होली के बाद से उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर में मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। प्रतिदिन ओपीडी में लगभग 3000 से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। दूर-दराज के गांवों और कस्बों से आने वाले मरीजों की लंबी कतारें यह दर्शाती हैं कि जिले की बड़ी आबादी अपनी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मेडिकल कॉलेज पर भरोसा कर रही है। यहां आने वाले हर मरीज को व्यवस्थित और लाइनबद्ध तरीके से चिकित्सकों द्वारा समुचित उपचार एवं आवश्यक परामर्श प्रदान किया जा रहा है।
मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. आर.बी. कमल ने स्वयं ओपीडी और इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को भी सुना और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। अधिकांश व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित पाई गईं, वहीं कुछ छोटी-मोटी कमियों को लेकर संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।
प्रधानाचार्य ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मरीजों की सेवा ही मेडिकल कॉलेज की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही या मरीजों के साथ असुविधा को कॉलेज प्रशासन कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने सभी चिकित्सकों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ करें, ताकि यहां आने वाला हर मरीज खुद को सुरक्षित और सम्मानित महसूस कर सके।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में प्रतिदिन बड़ी संख्या में गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोग इलाज की उम्मीद लेकर आते हैं। ऐसे में प्रत्येक चिकित्सक और कर्मचारी का दायित्व है कि वे उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा के साथ-साथ सहानुभूति और सहयोग भी प्रदान करें।
प्रधानाचार्य ने यह भी बताया कि मेडिकल कॉलेज में ओपीडी और इमरजेंसी सेवाएं पूरी तरह सक्रिय हैं और हर प्रकार के मरीजों का इलाज किया जा रहा है। इसके साथ ही जल्द ही यहां ऑपरेशन थिएटर (ओटी) की व्यवस्था भी शुरू होने जा रही है, जिससे जिले की जनता को और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके लिए चिकित्सक और कर्मचारी लगातार प्रयासरत हैं, ताकि जल्द से जल्द अत्याधुनिक ओटी सेवाएं आम जनता के लिए उपलब्ध कराई जा सकें।










Leave a Reply