शाहगंज (जौनपुर)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवती प्रेमी से शादी कराने की जिद में हाईटेंशन विद्युत पोल पर चढ़ गई। युवती को पोल पर चढ़ा देख ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने काफी समझाने-बुझाने के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
बताया जाता है कि 19 वर्षीय युवती का आजमगढ़ जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र के नंदाव गांव निवासी एक युवक से काफी समय से प्रेम संबंध था। परिजनों को जानकारी होने पर तीन महीने पहले उन्होंने इसका विरोध किया, जिसके बाद युवती प्रेमी के साथ घर से चली गई थी। पुलिस ने जनवरी में दोनों को बरामद कर लिया था। युवती के परिजनों की शिकायत पर युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया था।
कुछ समय पहले युवक के जमानत पर छूटने की खबर मिलने के बाद युवती फिर उससे शादी करने की जिद पर अड़ गई। परिजनों ने दोनों के अलग-अलग समुदाय से होने का हवाला देकर विवाह से इनकार कर दिया। इससे नाराज युवती आजमगढ़ जनपद की सीमा से सटे बैरकडीह गांव के पास स्थित हाईटेंशन बिजली पोल पर चढ़ गई और प्रेमी से शादी कराने की मांग करने लगी।












Leave a Reply