डीएम ने प्रचार वाहन को दिखाई हरी झंडी, सभी विकासखंडों में पहुंचकर किसानों को करेगा जागरूक
जौनपुर। किसानों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उन्हें फार्मर रजिस्ट्री के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। जिलाधिकारी डॉ०दिनेश चंद्र ने फार्मर रजिस्ट्री के प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह प्रचार वाहन जिले के सभी विकास खंडों में पहुंचकर किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के लाभों के बारे में जानकारी देगा और उन्हें पंजीकरण के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, धान और गेहूं की सरकारी खरीद, फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड समेत कृषि से जुड़ी अधिकांश सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर ही दिया जाएगा। इसलिए सभी किसानों के लिए फार्मर रजिस्ट्री कराना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि किसान जनसेवा केंद्र के माध्यम से आसानी से फार्मर रजिस्ट्री करा सकते हैं। इसके अलावा कृषि, राजस्व और पंचायत विभाग के कर्मचारी भी गांव-गांव जाकर किसानों की मदद कर रहे हैं। किसान चाहें तो अपने मोबाइल फोन से भी फार्मर रजिस्ट्री का लिंक डाउनलोड कर स्वयं पंजीकरण कर सकते हैं।
जिलाधिकारी के अनुसार प्रशासन के प्रयासों से जिले में अब तक 71 प्रतिशत से अधिक किसानों का पंजीकरण कराया जा चुका है। शेष किसानों को भी जल्द से जल्द रजिस्ट्री से जोड़ने के लिए अभियान तेज किया गया है।
इस अवसर पर उपनिदेशक कृषि डॉ. बीबी द्विवेदी, उप परियोजना निदेशक आत्मा डॉ. रमेश चंद्र यादव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि जागरूकता अभियान के माध्यम से जल्द ही जिले के शत-प्रतिशत किसानों को फार्मर रजिस्ट्री से जोड़ा जा सकेगा, जिससे कोई भी पात्र किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।












Leave a Reply