पीयू में अंतरराष्ट्रीय गणित दिवस पर ‘पाई डे’ का उत्सव

Share

सभी क्षेत्रों की नींव का आधार है गणित : प्रो. प्रमोद यादव

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) भौतिकीय विज्ञान अध्ययन एवं शोध संस्थान में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय गणित दिवस (पाई डे) उत्साह और अकादमिक गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में गणित के महत्व, उसके वैज्ञानिक एवं तकनीकी उपयोग तथा दैनिक जीवन में उसकी भूमिका पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

अध्यक्षता संस्थान के निदेशक प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने करते हुए कहा कि गणित केवल संख्याओं और सूत्रों का विषय नहीं, बल्कि तार्किक चिंतन, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और समस्या समाधान की क्षमता को विकसित करने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक युग में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग, कंप्यूटर विज्ञान, अर्थशास्त्र तथा डेटा विश्लेषण जैसे लगभग सभी क्षेत्रों की नींव गणित पर आधारित है।

प्रो. यादव ने बताया कि π (पाई) एक महत्वपूर्ण गणितीय स्थिरांक है, जिसका उपयोग वृत्त की परिधि और क्षेत्रफल की गणना सहित अनेक वैज्ञानिक और इंजीनियरिंग समस्याओं के समाधान में किया जाता है।
इस अवसर पर गणित विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. मिथिलेश सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गणित दिवस मनाने का उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज में गणित के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने यह भी कहा कि गणित केवल कक्षा तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि हमारे दैनिक जीवन के लगभग हर कार्य—जैसे समय की गणना, दूरी का आकलन, वित्तीय लेन-देन और आधुनिक तकनीकी उपकरणों के संचालन—में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

कार्यक्रम के दौरान गणित विभाग के डॉ. दीपक कुमार मौर्य, डॉ. आशीष वर्मा और सौरभ सिंह ने भी गणित के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए और विद्यार्थियों को गणितीय अनुसंधान के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित के प्रति जिज्ञासा और वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करना था।

इस अवसर पर संस्थान के प्रो. देवराज सिंह, प्रो. प्रमोद कुमार, डॉ. नीरज अवस्थी, डॉ. पुनीत धवन, डॉ. धीरेन्द्र चौधरी, डॉ. आलोक वर्मा और डॉ. संदीप वर्मा सहित अनेक शिक्षकगण, शोधार्थी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *