जौनपुर। प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए० के० शर्मा ने शनिवार को मिर्जापुर से सुल्तानपुर जाते समय मडियाहूं स्थित विद्युत उपकेंद्र का औचक निरीक्षण किया। मंत्री के अचानक पहुंचने से विद्युत विभाग के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने उपकेंद्र की विद्युत व्यवस्था, विभिन्न फीडरों की स्थिति और क्षेत्र में हो रही बिजली आपूर्ति की जानकारी अधिकारियों से विस्तार से ली। उन्होंने उपकेंद्र में रखे रजिस्टरों और रिकॉर्ड का भी अवलोकन किया तथा संचालन व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान लॉग शीट भरने में अनियमितता पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित कर्मचारियों को कार्य में लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी।
निरीक्षण के समय जूनियर इंजीनियर (जेई) के अनुपस्थित मिलने पर मंत्री ने इस पर भी कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्युत उपकेंद्रों पर तैनात अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति मिल सके।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में बिजली व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए नियमित निरीक्षण और मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्युत व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।












Leave a Reply