एसआई भर्ती परीक्षा को लेकर सख्ती: डीआईजी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण

Share

जौनपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (Sub-Inspector) भर्ती–2025 की परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण ने जिलाधिकारी दिनेश चन्द्र तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के साथ जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश और निकास द्वारों की व्यवस्था, परीक्षा कक्षों की तैयारियों तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का बारीकी से जायजा लिया। इसके साथ ही अभ्यर्थियों की चेकिंग प्रक्रिया और परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।

डीआईजी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी केंद्रों पर सतर्कता के साथ निगरानी रखी जाए।

अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों से कहा कि अभ्यर्थियों की जांच पूरी सतर्कता से की जाए और परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से सम्पन्न हो सके।

उक्त अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता एवं संबंधित अधिकारीगण भी मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *