जौनपुर। जनपद न्यायालय परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न न्यायालयों और विभागों के कुल 54,265 मामलों का निस्तारण किया गया। लोक अदालत में 19 करोड़ 16 लाख 29 हजार 258 रुपये की राशि पर समझौता कराया गया।
यह जानकारी सिविल जज (सीडी) एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जौनपुर सुशील कुमार सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश स्टेट लीगल सर्विसेज ऑथोरिटी के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सुशील कुमार शशि की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिक से अधिक मामलों के आपसी समझौते से निस्तारण के लिए सभी न्यायिक अधिकारियों को प्रोत्साहित किया।
लोक अदालत में न्यायालयों में लंबित 6,325 मामलों तथा प्री-लिटिगेशन के 47,940 मामलों का निस्तारण किया गया। पारिवारिक न्यायालयों ने 101 मामलों का समाधान कराते हुए पीड़ित पक्ष को 1 करोड़ 27 लाख 21 हजार 103 रुपये की समझौता राशि दिलाई।
वहीं मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (एमएसीटी) के पीठासीन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल द्वारा 61 मामलों का निस्तारण करते हुए 5 करोड़ 37 लाख 75 हजार रुपये की क्षतिपूर्ति दिलाई गई।
इसके अलावा विभिन्न न्यायालयों में 4,201 शमनीय फौजदारी वादों का निस्तारण कर 6 लाख 29 हजार 770 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। विद्युत वसूली के 323 मामलों, एनआई एक्ट के 6 मामलों तथा अन्य प्रकार के 1,562 मामलों का भी समाधान कराया गया।
राजस्व न्यायालयों में 1,809 फौजदारी, 607 राजस्व और 44,074 अन्य मामलों का निस्तारण किया गया, जबकि नगर पालिका के जलकर से जुड़े 33 मामलों का भी समाधान किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुसार, इस राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 54,265 मामलों का सफल निस्तारण कर बड़ी संख्या में लोगों को त्वरित न्याय दिलाया गया।












Leave a Reply