28 से 29 मार्च तक दो दिवसीय आयोजन में देश भर से जुटेंगे विशेषज्ञ
कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने सेमिनार का ब्रोशर किया जारी
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में आगामी 28 एवं 29 मार्च को आयोजित होने वाली दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी ‘भारतीय कॉर्पोरेट कार्यप्रणाली में उभरते मुद्दे और चुनौतियां’ (EICCPI-2026) की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। मंगलवार को कुलपति सभागार में कुलपति प्रोफेसर वंदना सिंह की अध्यक्षता में आयोजन समिति के सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस अवसर पर कुलपति ने संगोष्ठी के आधिकारिक ब्रोशर का विमोचन किया।
कुलपति प्रोफेसर वंदना सिंह ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में कॉर्पोरेट जगत और उसकी कार्यप्रणाली तेजी से बदल रही है। ऐसे में यह संगोष्ठी शोधार्थियों को नए तकनीकी और प्रबंधकीय बदलावों से रूबरू कराने का एक सशक्त माध्यम बनेगी। संगोष्ठी के संयोजक प्रोफेसर अविनाश डी. पाथर्डीकर ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस दो दिवसीय आयोजन में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञ अपने शोध पत्र और विचार साझा करेंगे। उन्होंने बताया कि संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य कॉर्पोरेट क्षेत्र की समसामयिक चुनौतियों पर गंभीर विमर्श करना है।
आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा विभिन्न समितियों का गठन कर उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बैठक में मुख्य रूप से प्रोफेसर प्रमोद कुमार, प्रोफेसर मुराद अली, आयोजन सचिव डॉ. आशुतोष सिंह, डॉ. रसिकेश, डॉ. आलोक कुमार गुप्ता और डॉ. सुशील कुमार समेत विभिन्न विभागों के शिक्षक और आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।












Leave a Reply