एक माह तक चलेगा अभियान, विभिन्न विभाग मिलकर करेंगे संचारी रोगों की रोकथाम और जनजागरूकता
जौनपुर। संचारी रोगों की रोकथाम एवं आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से संचारी दस्तक अभियान का शुभारंभ गुरुवार को टीबी चिकित्सालय परिसर जौनपुर से किया गया। अभियान 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक जिले में संचालित किया जाएगा।
कार्यक्रम में माननीय विधान परिषद सदस्य उत्तर प्रदेश बृजेश सिंह प्रिंशू ने संचारी रोगों की रोकथाम के लिए उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शपथ दिलाई। इसके बाद उन्होंने संचारी रोग जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली के दौरान लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए पोस्टर एवं पंपलेट वितरित किए गए। रैली में विभिन्न स्लोगनों के माध्यम से लोगों को साफ-सफाई रखने, जलभराव रोकने और मच्छरों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान “जल जमाव होगा जहां, मच्छर पैदा होंगे वहां”, “साफ पानी, साफ हाथ, संचारी रोगों को देंगे मात” और “हम सबने यह ठाना है, संचारी रोग भगाना है” जैसे नारों से लोगों को जागरूक किया गया।
विधान परिषद सदस्य ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि संचारी दस्तक अभियान को पूरी गुणवत्ता एवं गंभीरता के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत निर्धारित सभी गतिविधियों को कार्ययोजना के अनुसार समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए और प्रत्येक गतिविधि की प्रभावी मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाए।
जागरूकता रैली टीबी चिकित्सालय परिसर से प्रारंभ होकर गांधी तिराहा होते हुए पुनः टीबी चिकित्सालय परिसर पहुंचकर समाप्त हुई।
कई विभाग मिलकर चलाएंगे अभियान
संचारी दस्तक अभियान के दौरान पंचायती राज विभाग, नगर विकास विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग, कृषि विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों द्वारा संयुक्त रूप से विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
इसके तहत साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई, जल निकासी, एंटी लार्वा रसायन का छिड़काव, फॉगिंग, ब्रीडिंग सोर्स सर्वे और सोर्स रिडक्शन जैसी गतिविधियों पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही स्वास्थ्य शिक्षा एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोगों को संचारी रोगों के लक्षण, बचाव, जांच एवं उपचार की जानकारी दी जाएगी।
अभियान के दौरान शूकर पालकों, किसानों, स्कूली छात्र-छात्राओं और आम जनमानस को भी संचारी रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम, नोडल अधिकारी वीबीडी डॉ. आलोक कुमार सिंह, डीटीओ डॉ. विशाल यादव, जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद धर्मराज राय, एसआई जितेंद्र सिंह, एसोसिएट जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विवेक सिंह, कृषि विभाग से बीपी सिंह, सहायक मलेरिया अधिकारी संजीव कुमार मिश्रा, सुजीत प्रभाकर, अशोक कुमार सहित मलेरिया-फाइलेरिया स्टाफ, टीबी हॉस्पिटल से सुशील कुमार अग्रहरि, सलिल यादव (डीपीसी) एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।












Leave a Reply