वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए तैयारियां पूरी, 23 अक्टूबर को होगा मतदान

Share

जौनपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा। यह जानकारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी परमानंद झा ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक में दी।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पाल एन. के निर्देश के क्रम में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 68 तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 22, कुल 90 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। सभी मतदेय स्थलों पर मतदान संपन्न कराने के लिए पोलिंग पार्टियों के गठन एवं प्रशिक्षण की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप पूरी कर ली गई है।

उन्होंने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए आरक्षित सहित 9 जोनल मजिस्ट्रेट, 27 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 100 माइक्रो ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं। इन सभी को 18 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट में प्रशिक्षण दिया जा चुका है। मतदान दिवस पर सभी मतदेय स्थलों पर निर्धारित मानकों के अनुसार पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी पोलिंग पार्टियां 22 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट से अपने निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना होंगी। मतदान समाप्त होने के बाद सीलबंद मतपेटिकाओं को कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में बनाए गए स्ट्रांग रूम में सुरक्षित जमा कराया जाएगा। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी साझा किए गए।

24 अक्टूबर को प्रत्येक मतदेय स्थल पर लगेगा विशेष कैंप

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली के निरंतर पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची में पंजीकरण से छूटे पात्र नागरिकों तथा पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम शामिल कराना है। इसी क्रम में 24 अक्टूबर 2026, शनिवार को जनपद के प्रत्येक मतदेय स्थल पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपनी पार्टी के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को इन कैंपों में उपस्थित रहने के लिए निर्देशित करें, ताकि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में सहयोग मिल सके।

12 नवंबर को प्रकाशित होगी मतदाता सूची की ड्राफ्ट सूची

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण की निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किया जाएगा। दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक निर्धारित है, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने का आह्वान किया, ताकि त्रुटिरहित एवं शुद्ध मतदाता सूची तैयार की जा सके।

महिला एवं युवा मतदाताओं का पंजीकरण बढ़ाने पर जोर

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद का वर्तमान जेंडर रेशियो 859 है। इसमें सुधार के लिए उन्होंने छूटी हुई महिला एवं युवा मतदाताओं का अधिक से अधिक पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए ऑनलाइन फॉर्म-6 भरवाया जाए। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई तथा मतदाता पंजीकरण से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं से अवगत कराया गया।

बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ठ सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *