वीका टूल के माध्यम से विद्यार्थियों को रिग्रेशन एल्गोरिदम के व्यावहारिक उपयोग की दी गई जानकारी, 96 छात्र-छात्राओं ने किया प्रतिभाग
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग द्वारा कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर संचालित ‘एआई एवं एमएल लर्निंग सीरीज’ के चौथे व्याख्यान का शुक्रवार को सफल आयोजन किया गया। ‘रिग्रेशन एल्गोरिदम’ विषय पर आयोजित इस व्याख्यान में विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों के 96 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। व्याख्यान का उद्देश्य विद्यार्थियों को मशीन लर्निंग में रिग्रेशन की मूलभूत अवधारणाओं, प्रमुख एल्गोरिदम और उनके व्यावहारिक अनुप्रयोगों से परिचित कराना था।
कार्यक्रम में मुख्य विशेषज्ञ एवं रिसोर्स पर्सन डॉ. अन्नुश्री अग्रवाल ने विद्यार्थियों को रिग्रेशन एल्गोरिदम की कार्यप्रणाली तथा वीका (WEKA) टूल के माध्यम से उनके व्यावहारिक उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने लीनियर रिग्रेशन सहित विभिन्न रिग्रेशन तकनीकों की विशेषताओं और कार्यप्रणाली को उदाहरणों के माध्यम से समझाया।
डॉ. अग्रवाल ने बताया कि रिग्रेशन मशीन लर्निंग की एक महत्वपूर्ण तकनीक है, जिसका उपयोग निरंतर संख्यात्मक मानों का पूर्वानुमान लगाने के लिए किया जाता है। इसके माध्यम से घरों की कीमतों का अनुमान लगाने, बिक्री का पूर्वानुमान करने तथा मौसम संबंधी आंकड़ों का विश्लेषण करने जैसी वास्तविक जीवन की समस्याओं का समाधान किया जा सकता है।
व्याख्यान के दौरान वीका टूल की सहायता से डेटा सेट का विश्लेषण करने, उपयुक्त रिग्रेशन एल्गोरिदम का चयन करने और मशीन लर्निंग मॉडल तैयार करने की प्रक्रिया पर भी प्रकाश डाला गया। विशेषज्ञ ने कहा कि प्रभावी मशीन लर्निंग मॉडल विकसित करने के लिए डेटा की गुणवत्ता, उपयुक्त एल्गोरिदम का चयन और मॉडल के परिणामों का सटीक मूल्यांकन बेहद आवश्यक है। वीका जैसे टूल विद्यार्थियों को विभिन्न एल्गोरिदम का प्रयोग करने, उनके परिणामों की तुलना करने और वास्तविक समस्याओं के समाधान विकसित करने में मदद करते हैं।
कार्यक्रम आयोजन समिति के सदस्य दिलीप कुमार यादव, अशोक कुमार यादव एवं कृष्ण कुमार यादव ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर विभाग के शिक्षक डॉ. संतोष कुमार यादव, प्रवीण कुमार पाण्डेय, डॉ. दिव्येंदु कुमार मिश्रा, रितेश कुमार एवं दीप्ति पाण्डेय सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।
व्याख्यान के माध्यम से विद्यार्थियों को मशीन लर्निंग की तकनीकी अवधारणाओं को व्यावहारिक रूप से समझने और डेटा विश्लेषण के आधुनिक टूल्स से परिचित होने का अवसर मिला।












Leave a Reply