वाराणसी खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन का मतदान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न

Share

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. के निर्देशन में संपन्न हुआ मतदान, खंड स्नातक में 42.01 प्रतिशत और खंड शिक्षक में 72.07 प्रतिशत मतदान

जौनपुर। जनपद में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में वाराणसी खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का मतदान स्वतंत्र, निष्पक्ष, सकुशल एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर निर्धारित समय प्रातः 08:00 बजे से मतदान प्रक्रिया प्रारंभ हुई, जो सायं 04:00 बजे तक चली। इस दौरान मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 42.01 प्रतिशत मतदान

वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 60,396 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 25,377 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान करने वालों में 17,975 पुरुष एवं 7,402 महिला मतदाता शामिल रहीं। इस प्रकार खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 42.01 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 72.07 प्रतिशत मतदान

वहीं, वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 6,776 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 4,884 मतदाताओं ने मतदान किया। इनमें 4,034 पुरुष एवं 850 महिला मतदाता शामिल रहे। इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल 72.07 प्रतिशत मतदान हुआ।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह पूरे दिन जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण करते रहे। इस दौरान उन्होंने मतदान कार्यों, सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था तथा आदर्श आचार संहिता के अनुपालन की स्थिति का निरंतर निरीक्षण एवं जायजा लिया।

अधिकारियों ने भ्रमण के दौरान मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही यह सुनिश्चित किया कि मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो तथा मतदाताओं को शांतिपूर्ण वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिले। इसके अतिरिक्त, दोनों अधिकारी जनपद मुख्यालय पर स्थापित नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) के निरंतर संपर्क में रहे और निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की जानकारी लेते रहे।

प्रशासन एवं पुलिस विभाग की सतत निगरानी और समन्वय के बीच जनपद में वाराणसी खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन का मतदान शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *