सीडीओ ने ग्राम पंचायत परौवा का किया निरीक्षण, विकास कार्यों में धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

Share

पानी की टंकी का निर्माण शीघ्र पूरा कराने के निर्देश, सफाईकर्मी के निलंबन और ग्राम पंचायत सचिव को नोटिस जारी करने के निर्देश

मुफ्तीगंज, जौनपुर। मुख्य विकास अधिकारी श्री नरेंद्र बहादुर सिंह ने विकास खंड मुफ्तीगंज की ग्राम पंचायत परौवा का निरीक्षण कर विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने और साफ-सफाई में लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्माणाधीन पानी की टंकी के कार्य की प्रगति की समीक्षा की। निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिशासी अभियंता को कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही कार्य में विलंब के संबंध में संबंधित के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा।

इसके बाद उन्होंने कंपोजिट विद्यालय परौवा का निरीक्षण किया। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की कमी और शौचालय में गंदगी मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। इस पर संबंधित सफाईकर्मी को निलंबित करने तथा ग्राम पंचायत सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। विद्यालय की टूटी हुई बाउंड्री वॉल का निर्माण एक सप्ताह के भीतर पूरा कराने को भी कहा, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

मुख्य विकास अधिकारी ने ग्राम पंचायत में निर्मित अमृत सरोवर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सरोवर परिसर में उगी घास की साफ-सफाई कराने और स्थल को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।

ग्राम चौपाल के दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। इसमें शौचालय, पेंशन, आवास, आयुष्मान भारत और राशन सहित अन्य सरकारी योजनाओं से पात्र लोगों को आच्छादित करने पर जोर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्रम रोजगार, अधिशासी अभियंता जल निगम, खंड विकास अधिकारी मुफ्तीगंज, ग्राम पंचायत सचिव तथा ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *