परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी और परीक्षार्थियों की सुविधाओं का लिया जायजा
जौनपुर। जिलाधिकारी श्री सैमुअल पाल एन. ने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को सकुशल, निष्पक्ष एवं नकलविहीन संपन्न कराने के उद्देश्य से टीडी इंटर कॉलेज एवं जनक कुमारी इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और परीक्षा कक्षों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, सुचितापूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा शासन एवं आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता सुनिश्चित करने तथा परीक्षार्थियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा संचालन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने पर जोर दिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान सतर्कता बरती जाए, ताकि प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराया जा सके।












Leave a Reply