जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक में अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. के निर्देश के क्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानन्द झा की अध्यक्षता में देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने और विद्यालयों में संचालित वाहनों की स्थिति की समीक्षा की गई।
अपर जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित अनफिट स्कूली वाहनों की फिटनेस दुरुस्त कराने के लिए तीन दिवस का समय निर्धारित किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित समयावधि में जिन विद्यालयों के वाहन फिटनेस नहीं कराएंगे, उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक जौनपुर एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जौनपुर को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में स्कूली वाहनों के चालकों की सुरक्षा और सत्यापन को लेकर भी निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि सभी वाहनों के चालकों का चरित्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए, ताकि बच्चों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता न हो।
इसके साथ ही प्रत्येक विद्यालय स्तर पर विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति का गठन कर उसकी बैठक नियमित रूप से कराने के निर्देश दिए गए। समिति की बैठक एवं की गई कार्रवाई की सूचना सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जौनपुर को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने को कहा गया।
अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन को स्कूली वाहनों से जुड़े सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और परिवहन व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट महिपाल सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक डी.के. सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सत्येन्द्र कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) अजीत सिंह, यात्री/मालकर अधिकारी प्रमोद कुमार, टीआई मनोज कुमार पाण्डेय सहित जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।












Leave a Reply