जौनपुर में संचारी रोग नियंत्रण अभियान संपन्न, 7.60 लाख घरों का सर्वे; डेंगू के 39 मरीज मिले

Share

जौनपुर। जनपद में 01 अक्टूबर से 15 नवंबर 2026 तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पंचायती राज, नगर विकास, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, स्वास्थ्य एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों ने आपसी समन्वय से डेंगू, चिकुनगुनिया, मलेरिया, फाइलेरिया, दिमागी बुखार, स्क्रब टायफस, लेप्टोस्पायरोसिस, टीबी एवं कुष्ठ रोगों की रोकथाम और नियंत्रण के लिए माइक्रोप्लान के अनुसार विभिन्न गतिविधियां संचालित कीं। इस दौरान व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने बताया कि अभियान के अंतर्गत पंचायती राज विभाग द्वारा अब तक 2,931 स्थानों पर साफ-सफाई, झाड़ी कटाई एवं कूड़ा-कचरा निस्तारण कराया गया। वहीं, 2,769 स्थानों पर नालियों की सफाई, जल निकासी और एंटीलार्वा रसायन का छिड़काव कराया गया। इसके अतिरिक्त 42 उथले हैंडपंपों को चिह्नित किया गया तथा 291 इंडिया मार्का-2 हैंडपंपों के प्लेटफॉर्म की मरम्मत कराई गई।

उन्होंने बताया कि सभी नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में 28,306 नालियों की सफाई और कूड़ा-कचरा निस्तारण कराया गया। साथ ही 566 मोहल्लों में फॉगिंग एवं एंटीलार्वा रसायन का छिड़काव किया गया, जिससे मच्छरों के प्रजनन पर नियंत्रण किया जा सके।

विभिन्न विभागों ने चलाया जागरूकता अभियान

पशुपालन विभाग द्वारा 226 गोष्ठियों का आयोजन कर 473 शूकर पालकों को जागरूक किया गया। उन्हें शूकर बाड़ों की नियमित साफ-सफाई, मच्छररोधी जाली लगाने, कीटनाशी रसायनों के छिड़काव, शूकरों को खुले में न छोड़ने तथा मानव आबादी से दूर रखने की जानकारी दी गई।

कृषि विभाग ने 1,121 कृषक गोष्ठियों के माध्यम से किसानों को चूहों, छछूंदरों एवं झाड़ियों से संबंधित बीमारियों, विशेषकर स्क्रब टायफस और लेप्टोस्पायरोसिस से बचाव के उपाय बताए। वहीं, शिक्षा विभाग द्वारा छात्र-छात्राओं के बीच 3,459 जनजागरूकता गोष्ठियां, रैलियां एवं संचारी रोग नियंत्रण की शपथ संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए गए।

7.60 लाख घरों का सर्वे, 15,103 जलपात्रों में मिले लार्वा

स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान के दौरान 7,60,284 घरों का सर्वे किया गया। इस दौरान 15,103 जलपात्रों में मच्छरों के लार्वा पाए गए, जिन्हें चिह्नित कर नष्ट कराया गया। इसके अतिरिक्त बुखार के लक्षण वाले 2,505 मरीजों की मलेरिया एवं डेंगू की जांच कराई गई। विभाग के अनुसार, इन जांचों में कोई भी मरीज पॉजिटिव नहीं पाया गया।

सरकारी अस्पतालों में जांच एवं उपचार की निःशुल्क व्यवस्था

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि संचारी रोगों की जांच एवं उपचार के लिए आवश्यक दवाएं, जांच किट, उपकरण और फ्लूड सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला चिकित्सालय तथा मेडिकल कॉलेज में निःशुल्क उपलब्ध हैं। जिला चिकित्सालय में डेंगू मरीजों के लिए पृथक वार्ड, एलाइजा जांच मशीन, ब्लड कंपोनेंट सेपरेटर मशीन तथा प्लेटलेट्स की भी निःशुल्क व्यवस्था उपलब्ध है।

डेंगू के 39 और मलेरिया के 18 मरीज मिले

जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव ने बताया कि जनपद में अब तक डेंगू के 39, मलेरिया के 18 तथा दिमागी बुखार का एक मरीज रिपोर्ट हुआ है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने घरों एवं आसपास साफ-सफाई रखें, झाड़ियां न उगने दें, जलजमाव न होने दें और नालियों में कूड़ा-कचरा न डालें।

उन्होंने कहा कि कूलर, गमले एवं फ्रिज की ट्रे सहित अन्य पात्रों में जमा पानी सप्ताह में कम से कम एक बार अवश्य बदलें तथा पानी की टंकियों को ढककर रखें। मच्छरों से बचाव के लिए पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें और सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें।

जिला मलेरिया अधिकारी ने यह भी अपील की कि बुखार होने पर तत्काल नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर निःशुल्क जांच एवं उपचार कराएं। जांच और उपचार में देरी न करें, ताकि समय रहते बीमारी की पहचान कर उचित उपचार किया जा सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *