जौनपुर। नवागत जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों के साथ परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने पत्रकारों से परिचय प्राप्त किया तथा जनपद के विकास, जनहित से जुड़े मुद्दों और प्रशासन की प्राथमिकताओं पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की।
जिलाधिकारी ने बताया कि वह मूल रूप से जनपद प्रयागराज के निवासी हैं और उन्हें विभिन्न जनपदों में कार्य करने का अनुभव प्राप्त है। जौनपुर में पहली बार जिलाधिकारी के रूप में कार्य करने का अवसर मिला है। उन्होंने जनपद की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि जौनपुर की गौरवशाली पहचान को संरक्षित रखते हुए विकास की नई संभावनाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
3.25 करोड़ से अधिक मतदाताओं की आलेख्य सूची प्रकाशित
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर 2026 को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर कर दिया गया है।
प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची के अनुसार जनपद में कुल 32,59,629 मतदाता हैं। इनमें 17,50,856 पुरुष, 15,08,651 महिला तथा 122 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। जनपद का जेंडर रेशियो 862 और ईपी रेशियो 61.33 प्रतिशत है। जनपद में कुल 4,080 मतदेय स्थल तथा 2,156 मतदान केंद्र हैं।
16 दिसंबर तक दर्ज कराएं दावे और आपत्तियां
जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा। विशेष अभियान के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर 2026 की तिथियां निर्धारित की गई हैं।
उन्होंने बताया कि जिन युवाओं की आयु 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी हो रही है या हो चुकी है, वे मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए ECINET ऐप, voters.eci.gov.in पोर्टल अथवा अपने बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
नाम जोड़ने और संशोधन के लिए निर्धारित फॉर्म भरें
जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6, मृतक, दोहरे अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन किया जा सकता है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि 17 नवंबर को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में दर्ज नहीं है, तो निर्धारित अवधि में आवेदन कर उसे शामिल कराएं। वहीं, विवरण में त्रुटि होने पर संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरें।
दावे-आपत्तियों की सूची ऑनलाइन होगी उपलब्ध
बैठक में बताया गया कि पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त दावे एवं आपत्तियों से संबंधित फॉर्म-9, 10, 11, 11ए और 11बी की सूचियां तैयार की जाएंगी। इन्हें प्रतिदिन निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा करने के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी के पोर्टल पर भी अपलोड किया जाएगा। नागरिक इन सूचियों को jaunpur.nic.in तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से देख सकेंगे।
जिलाधिकारी ने पत्रकारों से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से युवाओं, महिलाओं और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों को जागरूक किया जाए, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पुनरीक्षण कार्य को निष्पक्ष, पारदर्शी, त्रुटिरहित और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है।












Leave a Reply