जौनपुर। जनपद के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चक मुफ्तफाबाद में जमीनी विवाद को लेकर हुई हिंसक घटना के बाद जिलाधिकारी श्री उमेश मिश्रा जिला चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने उपचाराधीन घायलों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
जिलाधिकारी ने घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया। साथ ही, घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की और घायलों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा की।
इस दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी घायलों का समुचित एवं बेहतर उपचार सुनिश्चित कराया जाए। इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने चिकित्सकों से घायलों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि सभी मरीजों को आवश्यकतानुसार बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए तथा अस्पताल प्रशासन उनके स्वास्थ्य की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करे।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।












Leave a Reply