जौनपुर के हर घर की छत पर सोलर लगाने की तैयारी, पीएम सूर्य घर योजना को मिलेगी नई रफ्तार

Share

20,689 के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 8,043 सोलर संयंत्र स्थापित, ग्राम पंचायत स्तर तक योजना पहुंचाने पर जोर

जौनपुर। जनपद के हर घर को स्वच्छ और सस्ती सौर ऊर्जा से जोड़ने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने की पहल की गई है। बुधवार को विकास भवन, जौनपुर में पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (PHDCCI), फर्स्टव्यू और यूपीनेडा के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता एवं विचार-विमर्श कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों, बैंकिंग क्षेत्र, उद्योग जगत और सोलर ऊर्जा से जुड़े प्रतिनिधियों ने योजना के विस्तार पर चर्चा की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि रूफटॉप सोलर केवल बिजली के बिल में बचत का माध्यम नहीं, बल्कि परिवारों को दीर्घकालिक आर्थिक राहत और ऊर्जा आत्मनिर्भरता प्रदान करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने लंबित आवेदनों की नियमित निगरानी करने और बैंकों, यूपीनेडा तथा बिजली वितरण कंपनी के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।

सीडीओ ने कहा कि योजना का लाभ गांव-गांव और प्रत्येक ग्राम पंचायत तक पहुंचाना आवश्यक है। इसके लिए ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों और स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को जागरूकता अभियान से जोड़ने की जरूरत है, ताकि ग्रामीण परिवारों को योजना की सही जानकारी मिले और वे बिना किसी बिचौलिए के इसका लाभ उठा सकें।

20,689 के लक्ष्य के मुकाबले 8,043 संयंत्र स्थापित

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जौनपुर में सोलर संयंत्र स्थापना का लक्ष्य 20,689 निर्धारित किया गया है, जिसके सापेक्ष अब तक 8,043 संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। शेष लक्ष्य को पूरा करने के लिए जागरूकता बढ़ाने और आवेदन से लेकर संयंत्र स्थापना तक की प्रक्रिया को सुगम बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

बैंक ऋण और तकनीकी प्रक्रिया की दी गई जानकारी

जिला अग्रणी प्रबंधक (एलडीएम), इंडियन बैंक, जौनपुर हर्षमान कुमार ने बताया कि पात्र उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर स्थापना के लिए बैंक वित्तीय सहयोग देने को तैयार हैं। उन्होंने आवेदकों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ नजदीकी बैंक शाखा से संपर्क करने की अपील की।

वहीं, यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी नंद लाल कुमार ने सोलर संयंत्र स्थापना की तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक जानकारी साझा की। उन्होंने उपभोक्ताओं को केवल अधिकृत और एम्पैनल्ड वेंडर का चयन करने तथा साइट सर्वेक्षण, इंस्टॉलेशन, कमीशनिंग और निरीक्षण की निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने की सलाह दी।

कार्यक्रम में प्रस्तुति के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया, सब्सिडी व्यवस्था, वेंडर चयन, संयंत्र स्थापना और संबंधित विभागों की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से बताया गया।

ऊर्जा क्षेत्र में रोजगार और उद्यमिता के अवसर

पीएचडीसीसीआई के सीनियर रेजिडेंट ऑफिसर अमरेश रस्तोगी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य आम परिवारों, छोटे उद्योगों, बैंकों और सोलर वेंडरों को स्वच्छ ऊर्जा के मजबूत इकोसिस्टम से जोड़ना है।

उन्होंने बताया कि 4 से 6 दिसंबर 2026 तक वाराणसी के दीनदयाल हस्तकला संकुल में उत्तर प्रदेश एनर्जी एक्सपो (UPEX) 2026 आयोजित होगा। इसमें ऊर्जा क्षेत्र के नीति-निर्माताओं, बिजली कंपनियों, उद्योगों और प्रौद्योगिकी प्रदाताओं को एक साझा मंच मिलेगा। उन्होंने जौनपुर के उद्यमियों, सोलर इंस्टॉलरों और संस्थानों से एक्सपो में भाग लेकर नए व्यावसायिक एवं तकनीकी अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।

सब्सिडी, बैंक ऋण और नेट मीटरिंग पर हुई चर्चा

कार्यक्रम के दौरान खुली चर्चा में प्रतिभागियों ने सब्सिडी जारी होने, बैंक ऋण, नेट मीटरिंग, वेंडर चयन और सोलर संयंत्रों की स्थापना में लगने वाले समय से जुड़े सवाल उठाए। संबंधित अधिकारियों और उद्योग प्रतिनिधियों ने सवालों के जवाब देकर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई।

कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने कहा कि जनभागीदारी, प्रशासनिक सक्रियता, बैंकिंग सहयोग और उद्योग जगत की सहभागिता से पीएम सूर्य घर योजना को व्यापक स्तर पर सफल बनाया जा सकता है। जौनपुर में हुई यह पहल न केवल रूफटॉप सोलर को बढ़ावा देगी, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा, स्थानीय रोजगार और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *