नोडल अधिकारी ने धान क्रय केंद्रों का किया निरीक्षण, खरीद में तेजी लाने के दिए निर्देश

Share

जौनपुर। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) योजना के अंतर्गत धान खरीद में तेजी लाने के उद्देश्य से शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी एवं विशेष सचिव, कृषि, कृषि विपणन एवं विदेश व्यापार विभाग, उत्तर प्रदेश शासन श्री टी.के. शिबु, आईएएस ने सोमवार, 23 नवंबर 2026 को जनपद के विभिन्न धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्रय केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा धान खरीद और किसान पंजीकरण के सत्यापन में तेजी लाने के निर्देश दिए।

जिला खाद्य विपणन अधिकारी अमित द्विवेदी ने बताया कि नोडल अधिकारी ने उप निदेशक कृषि, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, जिला कृषि अधिकारी तथा पीसीएफ और पीसीयू के जिला प्रबंधकों की उपस्थिति में क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी ने विकासखंड बक्शा स्थित पीसीएफ संस्था के बी-पैक्स, चुरामनपुर धान क्रय केंद्र का जायजा लिया। उस समय ग्राम गौरा निवासी किसान विजय प्रताप पुत्र भानु प्रताप के धान की तौल चल रही थी। इसके बाद उन्होंने विकासखंड बक्शा की ग्राम पंचायत नरी का भ्रमण कर प्रगतिशील किसानों से बातचीत की। किसानों ने बताया कि धान में नमी अधिक होने के कारण वे उसे सुखाने के बाद क्रय केंद्रों पर बिक्री के लिए लाएंगे।

इसके उपरांत नोडल अधिकारी ने विकासखंड जलालपुर में खाद्य विभाग की विपणन शाखा के अंतर्गत संचालित जलालपुर एवं जलालपुर द्वितीय धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय ग्राम मथुरापुर कोटवा निवासी किसान श्रीपति यादव पुत्र राजनरायण यादव के धान की तौल चल रही थी। नोडल अधिकारी ने तौल प्रक्रिया एवं क्रय केंद्र की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और संतोष व्यक्त किया।

नोडल अधिकारी ने जनपद के सभी धान क्रय केंद्रों पर खरीद से संबंधित समस्त व्यवस्थाएं पूर्ण रखने तथा सभी उपकरणों को क्रियाशील बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने धान खरीद में तेजी लाने के साथ ही किसानों द्वारा कराए गए पंजीकरण का त्वरित सत्यापन सुनिश्चित करने और किसान पंजीकरण की प्रगति बढ़ाने पर भी जोर दिया।

375 किसानों से 1,931.94 मीट्रिक टन धान की खरीद

जनपद में धान खरीद की प्रगति के संबंध में जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि जनपद को आवंटित 1,63,000 मीट्रिक टन के कुल लक्ष्य के सापेक्ष अब तक विभिन्न क्रय केंद्रों पर 375 किसानों से 1,931.94 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। वहीं, धान विक्रय के लिए अब तक 5,152 किसानों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें से 2,852 किसानों के पंजीकरण का सत्यापन पूरा हो चुका है। शेष पंजीकरणों के सत्यापन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *