जौनपुर में 22 नवंबर को होगा वृहद ब्लैक आउट मॉक ड्रिल, आपदा से निपटने की तैयारियों का होगा परीक्षण

Share

21 नवंबर को पुलिस लाइन्स में होगा पूर्वाभ्यास, 22 नवंबर को शाम 6 बजे से चलेगा मॉक ड्रिल

जौनपुर। नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से 22 नवंबर 2026 को शाम 6 बजे पुलिस लाइन्स, जौनपुर में वृहद ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत हवाई हमले की चेतावनी, ब्लैक आउट, ड्रोन निष्क्रिय करने, आग बुझाने तथा घायलों को सुरक्षित निकालने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों का अभ्यास किया जाएगा। वहीं, 21 नवंबर को शाम 6 बजे पुलिस लाइन्स में इसका पूर्वाभ्यास भी किया जाएगा।

मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानन्द झा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कानून-व्यवस्था, यातायात, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं, अग्निशमन, पुलिस सुरक्षा और आपदा प्रबंधन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय, उपलब्ध संसाधनों की कार्यक्षमता और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली का परीक्षण करना है, ताकि किसी भी आपदा या आकस्मिक घटना के दौरान जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

सायरन बजते ही होगा ब्लैक आउट

नगर मजिस्ट्रेट एवं उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा महीपाल सिंह ने बताया कि 22 नवंबर को शाम 6 बजे सामान्य जनजीवन के प्रदर्शन के साथ मॉक ड्रिल शुरू होगी। शाम 6:05 बजे हवाई हमले की सूचना यानी रेड अलर्ट के संकेत के रूप में दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन बजाया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस लाइन्स और आसपास के निर्धारित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर ब्लैक आउट की स्थिति बनाई जाएगी। इस दौरान नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक लोगों को सुरक्षित स्थानों और बंकरों तक पहुंचाने का अभ्यास करेंगे।

शाम 6:08 बजे स्थानीय पुलिस के सहयोग से नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों द्वारा दुश्मन के ड्रोन को निष्क्रिय करने की कार्रवाई का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद शाम 6:10 बजे हवाई हमले की समाप्ति का संकेत देने के लिए ग्रीन सिग्नल के साथ दो मिनट तक एक ही सुर में सायरन बजाया जाएगा। शाम 6:12 बजे घटना नियंत्रण अधिकारी स्थिति का आकलन कर नियंत्रण कक्ष को सूचना देंगे।

आग बुझाने और रेस्क्यू ऑपरेशन का होगा प्रदर्शन

मॉक ड्रिल के दौरान शाम 6:13 बजे से बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया जाएगा। इसमें गैस सिलेंडर और पेट्रोल से लगी आग बुझाने, फायर सूट पहनकर घर में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने तथा स्ट्रेचर के जरिए एम्बुलेंस तक पहुंचाने का प्रदर्शन होगा।

इसके अतिरिक्त ऊंची इमारत से जाल के माध्यम से लोगों को सुरक्षित निकालने, क्षतिग्रस्त कार का शीशा तोड़कर और दीवार काटकर अंदर फंसे घायलों को बाहर निकालने जैसी गतिविधियां भी प्रदर्शित की जाएंगी। शाम 6:30 बजे एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की कमान संभालेंगी।

प्रशासन ने आमजन से की सहयोग की अपील

अपर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए मॉक ड्रिल को व्यवस्थित और सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभ्यास से आपातकालीन परिस्थितियों में संबंधित विभागों की तत्परता, कार्यक्षमता और आपसी समन्वय को मजबूत किया जा सकेगा।

प्रशासन ने जानकारी दी है कि 22 नवंबर को शाम 6 बजे से पुलिस लाइन्स और आसपास के निर्धारित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित रहेगी। इसे देखते हुए आमजन से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं, क्योंकि बिजली कटौती मॉक ड्रिल का ही हिस्सा होगी। नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।

बैठक में नगर मजिस्ट्रेट महीपाल सिंह, चीफ वार्डन डॉ. मनोज वत्स, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, एआरटीओ सत्येन्द्र कुमार सहित पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य, अग्निशमन, नागरिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन विभागों के अधिकारी तथा विभिन्न क्लबों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *