दिव्यांग बच्चों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान, बीएसए ने तीन बसों को हरी झंडी दिखाकर वाराणसी किया रवाना

Share

150 दिव्यांग बच्चों ने किया सारनाथ सहित ऐतिहासिक स्थलों का शैक्षिक भ्रमण, अनुभवात्मक शिक्षा पर दिया गया जोर

जौनपुर। दिव्यांग बच्चों को शिक्षा के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक परिवेश से जोड़ने और उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत समेकित शिक्षा योजना के तहत शनिवार को एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने तीन बसों को हरी झंडी दिखाकर 150 दिव्यांग बच्चों के दल को वाराणसी के लिए रवाना किया।

इस अवसर पर बीएसए समीर ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों को व्यावहारिक अनुभवों, सामाजिक सहभागिता और आसपास के परिवेश से सीखने के अवसर उपलब्ध कराना भी है। ऐसे शैक्षिक भ्रमण बच्चों में आत्मविश्वास, जिज्ञासा, आत्मनिर्भरता और नई चीजें सीखने की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चे प्रतिभा और क्षमता के मामले में किसी से कम नहीं हैं। उचित अवसर, सहयोग और प्रोत्साहन मिलने पर वे जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। समावेशी शिक्षा की भावना के अनुरूप प्रत्येक बच्चे को समान अवसर उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है।

तीन बसों से वाराणसी पहुंचे बच्चों को प्रसिद्ध ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थल सारनाथ सहित आसपास के प्रमुख स्थलों का भ्रमण कराया गया। इस दौरान बच्चों को भारतीय इतिहास, संस्कृति और समृद्ध विरासत को करीब से जानने-समझने का अवसर मिला। भ्रमण के दौरान बच्चों की देखरेख एवं मार्गदर्शन के लिए संबंधित विकासखंडों के स्पेशल एजुकेटर और जिला समन्वयक, समेकित शिक्षा की जिम्मेदारी निर्धारित की गई।

इस शैक्षिक भ्रमण में नगर क्षेत्र, करंजाकला, धर्मापुर, बक्शा, सिरकोनी, जलालपुर, डोभी, मुफ्तीगंज, मुंगराबादशाहपुर, मछलीशहर, सुजानगंज, बरसठी, रामपुर, रामनगर और मड़ियाहूं विकासखंडों के परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना, सामाजिक सहभागिता विकसित करना और उन्हें समान अवसर प्रदान करते हुए शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना रहा। इस पहल के माध्यम से बच्चों को कक्षा की पढ़ाई से इतर सीखने, समझने और नए अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला। यह शैक्षिक भ्रमण दिव्यांग बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक और यादगार अनुभव साबित हुआ।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *