15 कंपनियों ने की प्रतिभागियों की स्क्रीनिंग, 9 अभ्यर्थियों को वितरित किए गए ऑफर लेटर
जौनपुर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत युवाओं को उनकी शैक्षिक, तकनीकी एवं कौशल संबंधी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय जौनपुर की ओर से विधानसभा क्षेत्रवार रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार, 21 नवंबर 2026 को पब्लिक इंटर कॉलेज, केराकत में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें 15 कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जबकि कुल 547 अभ्यर्थियों ने आवेदन एवं साक्षात्कार प्रक्रिया में हिस्सा लिया। चयन प्रक्रिया के दौरान 261 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया तथा 9 अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं केराकत के पूर्व विधायक दिनेश चौधरी की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर अतिथियों को बुके, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि एवं जनप्रतिनिधियों ने चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर भी वितरित किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक दिनेश चौधरी ने कहा कि युवा देश का भविष्य और सबसे बड़ी ताकत हैं। प्रदेश सरकार युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के साथ ही स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा से जोड़कर रोजगार के योग्य बनाया जा रहा है।
उन्होंने रोजगार मेले के माध्यम से रोजगार पाने वाले युवाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही युवाओं से पूरी मेहनत, लगन एवं आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
जिला सेवायोजन अधिकारी जय प्रकाश पासवान ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि जनपद के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए विधानसभा क्षेत्रों में रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इन मेलों के माध्यम से युवाओं को उनकी शैक्षिक, तकनीकी एवं व्यावसायिक योग्यताओं के अनुरूप विभिन्न कंपनियों में रोजगार पाने का अवसर मिल रहा है।
रोजगार मेले में श्री गणेशा कंसल्टेंट मेनपावर सर्विसेज, अडानी सोलर एनर्जी लिमिटेड, एशियन इलेक्ट्रॉनिक्स, वर्धमान यार्न्स ट्रेडर्स प्राइवेट लिमिटेड, नितिन स्प्रिंग लिमिटेड, उड़ान मैनपावर सर्विस, इमिग्रेशन सिक्योरिटी सर्विस प्राइवेट लिमिटेड, प्लेटिनम एचआर सॉल्यूशंस, पुखराज प्राइवेट लिमिटेड, रक्षा सिक्योरिटी सर्विस सहित विभिन्न कंपनियों एवं नियोजकों ने प्रतिभाग किया।
कंपनियों की ओर से सोलर टेक्निशियन, सुपरवाइजर, टेक्निशियन, मशीन ऑपरेटर, स्टोर मैनेजर, ट्रेनर, असिस्टेंट ऑपरेटर, सेल्स मैनेजर, कलेक्शन ऑफिसर एवं हेल्पर सहित विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया पूरी की गई।
मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई एवं डिप्लोमा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के साथ श्रमिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभ्यर्थियों ने कंपनियों के स्टॉल पर पहुंचकर अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन किया और कंपनी प्रतिनिधियों के समक्ष साक्षात्कार दिया।
इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी जय प्रकाश पासवान सहित सेवायोजन कार्यालय के कर्मचारी एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।












Leave a Reply