जौनपुर में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक, एडीएम ने समयसीमा में शुद्ध एवं पूर्ण डेटा फीडिंग के दिए निर्देश
जौनपुर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मतदान कार्मिकों का डेटाबेस तैयार करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार, जौनपुर में प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानन्द झा ने की।
बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में मतदान कार्मिकों का डेटाबेस निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयार करने की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके तहत इलेक्शन पर्सनल डिप्लॉयमेंट सिस्टम (EPDS) पोर्टल पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विवरण अपलोड करने और डेटा फीडिंग की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
पटल सहायकों और कंप्यूटर ऑपरेटरों को दिया गया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान तकनीकी कार्मिकों ने जनपद के विभिन्न विभागों के संबंधित पटल सहायकों एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों को डेटा एंट्री की प्रक्रिया, पोर्टल के तकनीकी पहलुओं और आवश्यक सूचनाएं दर्ज करने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही डेटा फीडिंग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा संभावित त्रुटियों से बचने के उपाय भी बताए गए।
डेटा फीडिंग में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
अपर जिलाधिकारी परमानन्द झा ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मतदान कार्मिकों का डेटाबेस तैयार करने के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने यहां कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सही और पूर्ण विवरण निर्धारित समयसीमा के भीतर पोर्टल पर दर्ज कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने डेटा फीडिंग में किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही न होने देने तथा पोर्टल पर दर्ज सभी सूचनाओं का सावधानीपूर्वक सत्यापन करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मतदान कार्मिकों का सटीक डेटाबेस तैयार होने से निर्वाचन के दौरान उनकी तैनाती की प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न कराने में मदद मिलेगी।
बैठक में जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी सहित संबंधित अधिकारी, पटल सहायक, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।












Leave a Reply