जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को संवेदनशील और क्रिटिकल मतदान केंद्रों के चिन्हांकन की जिम्मेदारी
जौनपुर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता, तत्परता और समयबद्धता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए मतदान केंद्रों की स्थिति, वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं तथा संवेदनशीलता का आकलन करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके लिए सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने आवंटित क्षेत्रों का भ्रमण कर मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का स्थलीय सत्यापन सुनिश्चित करें।
उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में वल्नरेबल एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों का प्राथमिकता के आधार पर चिन्हांकन करें। साथ ही, सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट आगामी दो दिनों के भीतर अपने क्षेत्र के समस्त मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर वहां सुनिश्चित न्यूनतम सुविधाओं की उपलब्धता का सत्यापन करें। निरीक्षण के बाद विस्तृत आख्या जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।
मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की जांच के निर्देश
जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों के निरीक्षण के दौरान भवन की स्थिति, पर्याप्त कमरों की उपलब्धता, खिड़की-दरवाजों की स्थिति, विद्युत व्यवस्था तथा महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालयों की उपलब्धता और उनकी क्रियाशीलता की विशेष रूप से जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त होनी चाहिए, ताकि मतदान के दौरान मतदाताओं एवं मतदान कार्मिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
स्थानीय नागरिकों से संवाद कर समस्याओं का होगा समाधान
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को मतदान केंद्रों के आसपास रहने वाले ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों से बातचीत कर पिछले निर्वाचन के दौरान सामने आई बाधाओं, समस्याओं एवं अन्य स्थानीय परिस्थितियों की जानकारी प्राप्त की जाए। प्राप्त फीडबैक के आधार पर संबंधित समस्याओं का समय रहते निराकरण कराया जाए, ताकि आगामी निर्वाचन के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी परमानंद झा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।











Leave a Reply