विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान: जिलाधिकारी ने मतदेय स्थलों का किया निरीक्षण

Share

पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करने और दावे-आपत्तियों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

जौनपुर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के क्रम में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद में निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने विधानसभा क्षेत्र 364-बदलापुर के विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर पुनरीक्षण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।

अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 17 नवंबर, 2026 से शुरू किया गया है। अभियान के तहत 21 एवं 22 नवंबर तथा 28 एवं 29 नवंबर, 2026 को विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इन तिथियों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदेय स्थलों पर आलेख्य मतदाता सूची के साथ उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त कर रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विधानसभा क्षेत्र बदलापुर के सरोखनपुर स्थित श्री कृष्णा नगर जूनियर हाईस्कूल के कक्ष संख्या-1 से 7 तक, प्राथमिक विद्यालय सरोखनपुर प्रथम एवं द्वितीय, प्राथमिक विद्यालय भलुआहीं के कक्ष संख्या-1 से 4 तक तथा प्राथमिक विद्यालय पुरानी बाजार के कक्ष संख्या-1 से 3 तक स्थित विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया।

इस दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ को निर्देश दिया कि मतदाता सूची में नए पात्र मतदाताओं के नाम शामिल किए जाएं तथा मृतक एवं अपात्र मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाने की कार्रवाई की जाए। साथ ही मतदाता सूची में नाम, पता एवं अन्य विवरणों से संबंधित त्रुटियों को दूर कर सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष अभियान की निर्धारित तिथियों पर सभी बीएलओ अपने-अपने बूथों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और नागरिकों को पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दें। 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं सहित सभी छूटे हुए पात्र नागरिकों का फॉर्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए।

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6, प्रवासी भारतीय नागरिकों के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6ए, अपात्र अथवा मृतक मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन, निवास परिवर्तन या ईपिक (मतदाता पहचान पत्र) प्रतिस्थापन के लिए फॉर्म-8 प्राप्त किए जा रहे हैं। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्राप्त आवेदनों की जांच कर उनका नियमानुसार समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने बीएलओ को यह भी निर्देश दिया कि बूथ पर आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान किया जाए तथा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और नाम हटवाने की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और आमजन की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि आगामी विधानसभा निर्वाचन के लिए निर्वाचक नामावली शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन तैयार की जा सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *