जौनपुर में रोजगार मेले का आयोजन, 663 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट; 10 को मिले ऑफर लेटर

Share

जौनपुर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत युवाओं को उनकी शैक्षिक, तकनीकी एवं कौशल योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद की नौ विधानसभा क्षेत्रों में रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार, 23 नवंबर 2026 को विधानसभा सदर क्षेत्र के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), सिद्दीकपुर में जिला सेवायोजन कार्यालय के तत्वावधान में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 21 कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें 1,468 अभ्यर्थियों ने आवेदन एवं साक्षात्कार प्रक्रिया में हिस्सा लिया। इनमें से 663 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया, जबकि चयनित 10 अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर वितरित किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव, मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नरेंद्र कुमार विश्वकर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी नीरज पटेल, जिला सेवायोजन अधिकारी जय प्रकाश पासवान तथा राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य मनीष कुमार पाल की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान अतिथियों को बुके, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि युवा देश का भविष्य और ताकत हैं। प्रदेश सरकार युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप निजी क्षेत्र में रोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी पाने के साथ ही स्वरोजगार के जरिए आगे बढ़ने के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा से जोड़कर रोजगार के योग्य बना रही है। इस प्रकार के रोजगार मेले युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों से सीधे जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने रोजगार प्राप्त करने वाले युवाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा युवाओं से मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।

मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि जनपद के युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विधानसभा स्तर पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों के माध्यम से युवाओं को उनकी शैक्षिक, तकनीकी एवं व्यावसायिक योग्यता के अनुरूप विभिन्न पदों पर रोजगार पाने का अवसर मिल रहा है।

21 कंपनियों ने की प्रतिभागिता

रोजगार मेले में टाटा मोटर्स, मारुति सुजुकी, हिंडाल्को, अशोक लीलैंड, बजाज ऑटो, सुब्रोस, एमआरएफ टायर्स, क्रेस कॉर्प, डिक्सन टेक्नोलॉजी, एक्सिस बैंक, पेटीएम, एयरटेल, वोडाफोन, याजाकी इंडिया सहित विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों एवं नियोजकों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों की ओर से सोलर टेक्नीशियन, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन, मशीन ऑपरेटर, स्टोर मैनेजर, ट्रेनर, असिस्टेंट ऑपरेटर, सेल्स मैनेजर, कलेक्शन ऑफिसर एवं हेल्पर सहित विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया पूरी की गई।

मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई एवं डिप्लोमा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के साथ श्रमिकों ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। अभ्यर्थियों ने अपनी शैक्षिक एवं व्यावसायिक योग्यता के अनुरूप कंपनियों के स्टॉल पर आवेदन किया तथा कंपनी प्रतिनिधियों के समक्ष साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव एवं मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह के कर-कमलों से 10 अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर वितरित किए गए। रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *