पात्रों तक योजनाओं का भरपूर लाभ पहुंचाएं अधिकारी : उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य

Share

किसानों को निर्बाध बिजली देने और लंबित निर्माण कार्यों को समयबद्ध पूरा कराने के निर्देश

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को पुलिस लाइन सभागार, जौनपुर में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों एवं केंद्र तथा प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य पारदर्शिता, गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। सभी विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र लाभार्थी सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

किसानों को मिले निर्बाध बिजली

विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने खराब एवं जले हुए ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समयसीमा में बदलने, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने तथा बिजली मीटरों से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गलत बिलिंग के माध्यम से उपभोक्ताओं को परेशान न किया जाए।

उन्होंने किसानों को खेती-किसानी और सिंचाई के लिए पर्याप्त एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया, ताकि कृषि कार्य प्रभावित न हों।

क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश

उप मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों को पूर्व की स्थिति में बहाल करना संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अंत्येष्टि स्थलों, उत्सव भवनों, सड़कों, मंडियों तथा अन्य विभागों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए धीमी गति से चल रही और लंबित परियोजनाओं में तेजी लाने को कहा। सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरे करने के निर्देश दिए गए।

जनसमस्याओं का संवेदनशीलता से हो निस्तारण

उप मुख्यमंत्री ने थाना, ब्लॉक और तहसील स्तर पर कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और उन्हें त्वरित एवं न्यायोचित राहत प्रदान की जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

राजस्व संबंधी विवादों की समीक्षा के दौरान उन्होंने पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। जहां संभव हो, दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौते के माध्यम से विवादों का समाधान कराया जाए।

लंबित परियोजनाओं को समय से पहले पूरा करने पर जोर

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में संचालित विकास परियोजनाओं एवं लंबित प्रोजेक्टों को निर्धारित समयसीमा से पहले पूरा करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। परियोजनाओं की नियमित समीक्षा और निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का वास्तविक लाभ आमजन तक समय से पहुंचना चाहिए।

इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं, जन अपेक्षाओं एवं विकास से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की।

बैठक में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), खेल एवं युवा कल्याण विभाग श्री गिरीश चंद्र यादव, राज्यसभा सांसद श्रीमती सीमा द्विवेदी, श्री अजीत प्रजापति एवं डॉ. अजय कुमार सिंह, विधायक बदलापुर श्री रमेश चन्द्र मिश्रा, शाहगंज के विधायक श्री रमेश सिंह, मड़ियाहूं के विधायक डॉ. आर.के. पटेल, एमएलसी श्री बृजेश सिंह प्रिंशु, नगर पालिका परिषद जौनपुर की अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा मौर्या, पूर्व सांसद मछलीशहर श्री बी.पी. सरोज सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा जिलाधिकारी श्री उमेश मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री अनन्त चंद्रशेखर, मुख्य विकास अधिकारी श्री नरेंद्र बहादुर सिंह तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *